
बीकानेर: सड़क पार कर रहे युवक को पिकअप ने मारी टक्कर, युवक घायल, चालक फरार
श्रीडूंगरगढ़। कस्बे में रविवार को करीब शाम आठ बजे पुलिस थाने के सामने सड़क पार कर रहे एक युवक को तेज गति से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार मोमासर बास निवासी राजू पुत्र देवाराम जाट सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में युवक घायल हो गया।
घायल युवक को एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसाइटी की एंबुलेंस की सहायता से उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। घटना की सूचना श्रीडूंगरगढ़ पुलिस थाने में दे दी गई है। पुलिस फरार पिकअप चालक एवं वाहन की तलाश में जुटी हुई है।


