कहीं गर्मी तो कहीं राहत: देर रात चली ठंडी हवाएं, आज 6 जिलों में अलर्ट

बीकानेर। पश्चिमी राजस्थान में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं, वहीं देर रात चली ठंडी हवाओं ने कुछ राहत जरूर दी। बादलों की आवाजाही के बीच उमस और गर्मी से लोगों की परेशानी बनी हुई है।
शुक्रवार शाम को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला और देर रात कुछ मिनटों के लिए ठंडी हवाएं चलीं, लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर और श्रीगंगानगर सहित कई शहरों के तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।
कई जिलों में हीटवेव और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 6 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 18 मई से एक बार फिर गर्मी तेज होने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में सीवियर हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
आज बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, चित्तौड़गढ़, कोटा और झालावाड़ में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर और करौली जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।


