
मध्यप्रदेश का हथियार तस्कर बीकानेर पुलिस के हत्थे चढ़ा, ड्रोन नेटवर्क का भी बड़ा खुलासा!
बीकानेर पुलिस की DST और बीछवाल थाना टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के बैतूल निवासी हथियार तस्कर शिवा को गिरफ्तार किया है। आरोपी श्रवण सोडा गैंग का मुख्य हथियार सप्लायर बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से 2 अवैध पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में हुई कार्रवाई साइबर सेल के ASI दीपक यादव के इनपुट पर की गई। आरोपी हाल ही में अवैध हथियार मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था और फिर से तस्करी में सक्रिय हो गया।
इधर खाजूवाला बॉर्डर पर ड्रोन के जरिए हथियार तस्करी मामले में भी बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि पंजाब की फरीदकोट जेल में बंद कुख्यात तस्कर सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार मंगवाने का नेटवर्क तैयार किया था। फरवरी में 24 KND क्षेत्र के खेत में गिरा पाकिस्तानी ड्रोन बरामद हुआ था, जिससे 5 चाइनीज पिस्टल और 325 कारतूस मिले थे। तकनीकी खराबी के कारण ड्रोन सरसों के खेत में गिर गया और तस्करों की डिलीवरी योजना विफल हो गई। मामले में पुलिस, BSF और सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच कर स्थानीय नेटवर्क की तलाश में जुटी हैं।


