
बीकानेर: वाहन की टक्कर से टूटे आधा दर्जन बिजली के पोल, सड़क पर गिरे
बीकानेर। नोखा क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। नोखा के सुजानगढ़ रोड पर एक वाहन की टक्कर से विद्युत विभाग के करीब आधा दर्जन बिजली के पोल टूटकर मुख्य सड़क मार्ग पर गिर गए। अचानक खंभे गिरने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर आवागमन प्रभावित हो गया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत विद्युत विभाग को सूचना दी और लाइन में आ रहे करंट को बंद करवाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार एक ट्रक के गुजरने के दौरान यह हादसा हुआ बताया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बिजली के पोल टूटने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और हालात सामान्य करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।


