
बीकानेर सहित पुरे राजस्थान में फिर बढ़ेंगी डीएलसी दरें, जमीन-घर खरीदना होगा महंगा
राजस्थान में एक बार फिर डीएलसी (डिस्ट्रिक्ट लेवल कमेटी) दरों में बढ़ोतरी की तैयारी शुरू हो गई है। वित्त विभाग ने सभी जिला कलेक्टरों को बाजार भाव के अनुसार नई दरें तय करने के निर्देश जारी किए हैं। प्रस्ताव लागू होने पर पिछले ढाई वर्षों में यह चौथी बड़ी बढ़ोतरी होगी।
जानकारी के अनुसार इसी वर्ष अप्रैल महीने में भी डीएलसी दरों में 10 फीसदी तक इजाफा किया गया था। अब वित्त विभाग के निर्देशों के तहत जून के तीसरे सप्ताह तक सभी जिलों में डीएलसी समितियों की बैठक करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों ने जमीनों के नए मूल्यांकन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
सरकार का कहना है कि प्रदेश के कई क्षेत्रों, विशेष रूप से नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे और रीको औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास जमीनों की वास्तविक बाजार कीमतें सरकारी दरों से काफी अधिक हो चुकी हैं। ऐसे में नई दरों को वर्तमान बाजार परिस्थितियों और विकास गतिविधियों के अनुरूप व्यावहारिक एवं तर्कसंगत बनाया जाएगा।
हालांकि दूसरी ओर डीएलसी दरों में लगातार बढ़ोतरी से आम और मध्यम वर्ग के लिए घर और जमीन खरीदना और अधिक महंगा होने की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि नई दरें लागू होने के बाद रजिस्ट्री शुल्क और स्टांप ड्यूटी में भी बढ़ोतरी होगी, जिससे संपत्ति खरीदने वालों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।


